औरैया। माध्यमिक शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटा है। बोर्ड ने सभी विद्यालय के स्टाफ का डाटा पोर्टल पर फीड करने के आदेश दिए हैं। इसके बावजूद 40 विद्यालयों ने पोर्टल पर डाटा फीड नहीं कराया। मंगलवार सुबह तक डाटा फीड न कराने पर मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं की है। हालांकि अप्रैल में बोर्ड परीक्षा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसकी तैयारी को लेकर बोर्ड ने जिला विद्यालय निरीक्षक को माध्यमिक विद्यालयों के स्टाफ व अन्य जानकारी पोर्टल पर डाटा फीड करने के निर्देश दिए थे। जिले में 60 अशासकीय सहायता प्राप्त, 15 राजकीय व 214 वित्त पोषित समेत कुल 289 विद्यालय है। इनमें 249 विद्यालयों ने डाटा पोर्टल पर फीड कर दिया है। 40 विद्यालयों का डाटा पोर्टल पर फीड नहीं हुआ है।
डीआईओएस चंद्रशेखर मालवीय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को मंगलवार सुबह तक डाटा प्रत्येक दशा में फीड करने का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा न होने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।