औरैया। दीपावली के मौके पर कानफोड़ू पटाखों के बजाय इस बार ईको फ्रैंडली पटाखे पसंद किए जा रहे हैं। बाजार में आसमानी फैंसी आइटम की भरमार देखने को मिली। जमकर खरीदारी हुई।
ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे बाजार में इस बार कम मात्रा में दिख रहे हैं। शहर के पुराना नुमाइश मैदान में चिह्नित पटाखों के लिए दुकानें शनिवार को खूब सजी। पटाखों के थोक विक्रेताओं की दुकानों पर खूब भीड़ उमड़ी। थोक बाजार की दुकानों में इको फ्रेंडली फुलझड़ियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। इन पटाखों की खासियत यह है कि इसमें बेरियम नाइट्रेट की मात्रा कम होने की वजह से 70 से 80 फीसदी तक प्रदूषण कम होगा। बाजार में सुरक्षा के लिहाज से काफी इंतजाम देखने को मिले। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन उपकरण रखा गया।
-
फैंसी पटाखों की मांग ज्यादा
शहर के पटाखा बाजार में फैंसी पटाखों की इस बार बहार है। इसमें भी आसमान में रंग बिरंगी रोशनी बिखेरने वाले पटाखों की मांग सबसे ज्यादा है। इन पटाखों में एनिमल शावर, गूगूल, हनी बी, ड्रोन, किसिंग फ्लावर, शार्क, फिश, डॉल्फिन आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। खास बात यह है कि यह सभी इको फ्रैंडली पटाखे हैं। इसके अलावा बिग शॉट, ब्रेक आउट, स्पिनर, कलर चेजिंग अनार, थ्री स्टार आदि भी पसंद किए जा रहे हैं। हनी बी पटाखे के बारे में बताया जा रहा है कि आसमान में जाने के बाद यह रंग बिरंगी बारिश जैसा दिखेगा। ड्रोन पटाखे भी लोग पसंद कर रहे हैं। थोक कारोबारी अमन गुप्ता ने बताया कि पटाखों की इस बार कई नई वैरायटी आई हैं।
-