औरैया। पुलिस लाइन की निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश सीएम ने ट्वीट कर दिए हैं। जिले में 24 सालों से आवास विकास की जमीन पर पुलिस लाइन का संचालन हो रहा है। अब इसके लिए शेरपुर सरैया गांव में जमीन चिह्नित की गई है। किसानों से बात जारी है।
24 सालों से जिले की पुलिस लाइन आवास विकास की जमीन पर विभाग की अनुमति के बिना संचालित है। जिससे आवास विकास परिषद को करोड़ों रुपये का नुकसान उठना पड़ रहा है। इस खबर के बाद शासन ने औरैया समेत कई अन्य जिलों में पुलिस लाइन के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान कर जमीन की खरीद फरोख्त के लिए बजट जारी किया था।
जिले में पुलिस लाइन बनाने की स्वीकृति होते ही सदर विकास खंड के गांव शेरपुर सरैया में भूमि चिह्नित की गई। जिसकी खरीद-फरोख्त को एसडीएम सदर, सीओ सदर की एक समिति गठित की गई। एक पखवारे में सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने जमीन का बैनामा कराने के लिए दो बार किसानों के साथ बैठक की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम ट्वीट के माध्यम से औरैया, कासगंज, अमरोहा, अमेठी, शामली, संभल, चंदौली, हापुड़ के जिला प्रशासन को पुलिस लाइन के मामले में आवासी व अनावासीय भवनों का निर्माण कराने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।