जिला बार एसोसिएशन चुनाव शंखनाद हो गया। एल्डर्स
कमेटी ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। 25 मार्च से नामांकन
होंगे। आठ अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
चुनाव के लिए गठित एल्डर्स
कमेटी के संयोजक/अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय ने सदस्य शिवशंकर दीक्षित,
रामस्वरूप वर्मा, अमर पाल सिंह भदौरिया, ब्रह्मस्वरुप गुप्ता और संतोष
दीक्षित के साथ सोमवार को चुनाव कार्यक्रम जारी किया।
पदाधिकारियों
ने बताया कि नामांकन 25, 26 और 27 मार्च को होगा। नामांकन की जांच 30
मार्च को और नामांकन लिस्ट का प्रकाशन व आपत्तियां 31 मार्च को होगी। नाम
वापसी 1 अप्रैल को तथा अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन तीन अप्रैल को
होगा।
जजी परिसर में आठ अप्रैल को मतदान होगा। मतदाता सुबह 9 बजे
से दोपहर 3:30 बजे तक वोट डाल सकेंगे। इसी दिन मतगणना होगी और विजयी
प्रत्याशियों की भी घोषणा की जाएगी। डीबीए प्रवक्ता शिवम शर्मा ने बताया कि
इस बार चुनाव में 340 सदस्य वकील हिस्सा लेंगे।
चुनाव की घोषणा
होते ही संभावित प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं। सोमवार से ही जजी परिसर में
होर्डिंग और बैनर लगाने शुरू कर दिए। कई वकीलों ने तो साथियों से वोट भी
मांगना शुरू कर दिया। इस बार चुनाव मैदान में अध्यक्ष पद पर कई बार काबिज
रहे सुरेंद्र शुक्ला के अलावा अशोक अवस्थी और इंद्रपाल सिंह भदौरिया भी
सक्रियता से जुटे हैं।
महामंत्री पद के लिए महामंत्री रह चुके
संजीव कुमार चतुर्वेदी के अलावा देवालय देवेश दुबे, अरविंद पाल पम्मू व
प्रमोद भदौरिया वोट मांग रहे हैं। कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष व संयुक्त मंत्री
पद पर भी कई वकील दावा ठोंकने की तैयारी कर रहे हैं।