दिबियापुर (औरैया)। शनिवार सुबह फफूंद व पाता रेलवे स्टेशनों के बीच गपकापुर गांव के सामने एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त केंजरी निवासी युवक के रूप में हुई है।
दिबियापुर पुलिस को शनिवार सुबह सूचना मिली कि युवक का शव गांव गपकापुर के प्राथमिक स्कूल के सामने रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। दरोगा हरिहर ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। गांव केंजरी से पहुंचे लोगों ने शव की शिनाख्त कृष्ण कुमार सविता (40 ) पुत्र नेकराम निवासी केंजरी के रूप में की। गांव के शनि ने बताया कि उसका भतीजा कृष्ण कुमार दिबियापुर में कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था। वह दिल की बीमारी से ग्रसित था। लंबे समय से इलाज हो रहा था। उपचार में काफी रुपया खर्च होने के कारण आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या करने की चर्चा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (संवाद)