कोतवाली क्षेत्र के अछल्दा-बिधूना मार्ग पर पुरहा नदी के किनारे मक्का के खेत से जंजीरों से बंधे युवक को बाहर आते देख आसपास मौजूद किसानों में हड़कंप मच गया। आननफानन में किसानों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपने संरक्षण में ले लिया।
बिधूना थानाध्यक्ष के अलावा आसपास चौकी क्षेत्र का फोर्स मौके पर पहुंच गया। फोर्स ने घटना स्थल को चारों तरफ से घेर लिया। खेत की तलाशी में किसी के न मिलने पर पुलिस लौट गई। पुलिस संरक्षण में आए युवक ने ससुरालीजनों पर अपहरण का आरोप लगाया है। दो दिन से खेत में जंजीरों से जकड़ा युवक अर्ध बेहोशी की हालत में है।
रविवार की दोपहर बिधूना कोतवाली क्षेत्र के तहत अछल्दा -बिधूना मार्ग पर पुरहा नदी के समीप मक्का के खेत से जंजीरों में जकड़े एक युवक ने घिसटते हुए बाहर आकर चिल्लाना शुरू कर दिया। आसपास के खेतों में गेहूं कटाई का काम करने वाले किसान युवक को जंजीरों से जकड़ा देख सन्न रह गए। इन्होंने इसकी जानकारी यूपी 100 पर दी। बिधूना थानाध्यक्ष को मामले की सूचना दी गई।
बिधूना थानाध्यक्ष जसवीर सिंह सिरोही ने तत्काल रूरूगंज चौकी इंचार्ज विजय प्रताप को मौके पर भेजा। चौकी इंचार्ज ने युवक को अपने संरक्षण में लिया। वहीं अर्द्ध बेहोशी की हालत में युवक ने ससुरालीजनों पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। मामला संदिग्ध लगते ही चौकी इंचार्ज ने थानाध्यक्ष को जानकारी दी। इस पर पुलिस फोर्स ने खेत को चारों तरफ से घेर लिया।
फायरिंग की पोजीशन लेते हुए पुलिस कर्मी खेत की तलाशी में जुट गए। खेत में घुसने पर पुलिस को मौके से सिर्फ कुछ शराब की बोतलें मिलीं। इसके बाद थानाध्यक्ष पीड़ित युवक को अपने साथ कोतवाली लेकर पहुंचे। युवक ने अपना नाम रवि कुमार पुत्र रामप्रकाश निवासी किल्ली, बसरेहर, इटावा बताया है। सूत्रों से यह पता चला है कि बसरेहर में युवक की गुमशुदगी दर्ज है।
होश में आने पर युवक के बताए स्थान पर पुलिस ने छापा मारा। वहां पर कोई नहीं मिला। युवक ने यह भी बताया कि 12 अप्रैल को उसके ममिया ससुर ने उसका अपहरण कर कहीं झोपड़ी में जंजीरों से बांधकर रखा था। वहीं मारपीट भी की जा रही थी। अपहरण करने वालों के ज्यादा नशे में होने पर वह खेत से भाग निकला।
इस मामले में सीओ सुभाष अत्री ने बताया कि पुलिस संरक्षण में आए पीड़ित युवक ने बताया कि उसका ससुरालीजनों से लड़की को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। इसी के चलते सास व उसके भाई ने इस घटना को अंजाम दिया है। हकीकत जांच के बाद पता लगेगी।