शादी के डेढ़ महीने बाद ही विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। पिता ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ लालता प्रसाद ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फफूंद थाने के गांव जगजीवनपुर निवासी प्रमोद कुमार के पुत्र प्रवीण कुमार उर्फ रोहित की शादी 27 अक्तूबर 2017 को कन्नौज जिले के तिर्वा थाने के बरका (राजा) गांव निवासी शिव शरन की पुत्री रजनी देवी उर्फ रेनू (24) के साथ हुई थी। शुक्रवार सुबह रेनू का शव फंदे पर झूलता मिला। मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों के रिश्तेदार समझौते का प्रयास करते रहे।
दोपहर बाद मृतका के पिता शिव शरन ने थाने में तहरीर दे दी। इसमें आरोप लगाया कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के लिए बेटी को मारते पीटते थे। ससुरालीजनों ने गुरुवार रात फांसी लगाकर उनकी बेटी को मार डाला। सुबह सूचना पाकर वह घरवालों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचा तो वह मृत पड़ी थी। क्षेत्राधिकारी अजीतमल लालता प्रसाद शुक्ला ने भी जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पिता शिव शरन की तहरीर पर पुलिस ने पति प्रवीण, ससुर प्रमोद कुमार व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ हो जाएगा।