जमीन के विवाद में सौतेले बेटे ने पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बाद में शव को बक्से में बंदकर आरोपी पत्नी और बच्चों के साथ फरार हो गया। शक होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ कर बक्से से शव बरामद किया। मृतक के भाई ने थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला थाना क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर का है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी बाबूराम (70) की उसके सौतेले बेटे मुन्नालाल ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। भोर होते ही आरोपी मुन्नालाल पत्नी सरिता देवी और बच्चों से साथ घर में ताला लगाकर फरार हो गया। पड़ोसियों ने घर में ताला लटका देखा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने थानाध्यक्ष राम लक्ष्मण यादव को सूचना दी।
थानाध्यक्ष ने घर की तलाशी ली तो एक कमरे में रखे बक्से में बाबूराम का लहूलुहान शव मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मृतक के भाई राम प्रकाश ने थाने में मुन्नालाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसपी मनोज तिवारी ने बताया कि गाजीपुर में हुई वृद्ध बाबूराम की हत्या के पीछे जमीनी विवाद लग रहा है। मृतक के भाई ने उसके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।