थाना क्षेत्र के गांव नगला दौलत में घर के दरवाजे पर बैठे एक बुजुर्ग को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार फरार हो गया। वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मच गया।
नगला दौलत निवासी बादशाह जाटव (70) पुत्र अंगद जाटव शनिवार की देर शाम अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। करीब सात बजे एक तेज रफ्तार बाइक निकली और उसने बादशाह सिंह का टक्कर मार दी। टक्कर से बादशाह सिंह सड़क पर गिर पड़े। उनकी नाक और मुंह से खून निकला। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक मौके से फरार हो गया। आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले। लेकिन वृद्ध की मौत हो चुकी थी।
मृतक के पुत्र राकेश चंद्र ने बताया कि पिताजी रोज की भांति अपने दरवाजे पर बैठे थे। टक्कर के बाद जब हम लोग बाहर आ कर देखा तो पिताजी जमीन पर पड़े थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस बाइक चालक का पता लगाने में जुट गई है।
कार की टक्कर से बच्चे की हालत गंभीर
फफूंद-दिबियापुर मार्ग पर गांव दयालनगर के पास सड़क किनारे खड़े एक बच्चे को कार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। लोगों ने घायल को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया। दयालनगर निवासी सम्मी अली का पुत्र मेहराज अली (9) रविवार दोपहर सड़क किनारे खड़ा था। फफूंद की ओर से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण दौड़े मगर चालक कार लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए।