फफूंद (औरैया)। कस्बे के मोहल्ला तरीन में फेसबुक वॉल पर मुस्लिम समाज के पैगंबर मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मैसेज वायरल होते ही आक्रोश फैल गया। रात में ही लोगों ने युवक पर कार्रवाई को लेकर थाना घेर लिया और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
शनिवार को नगर के मोहल्ला तरीन निवासी विपिन कुमार पुत्र संतोष कुमार के फेसबुक वॉल पर मुस्लिम समाज के पैगंबर मोहम्मद साहब की शान के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और चित्र वायरल हो गया। इस पोस्ट को जब समाज के लोगों ने देखा तो आक्रोश फैल गया। वह रात में ही थाने पहुंचे और युवक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश चंद्र पांडेय ने बताया की युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी लिखकर फेसबुक पर वायरल कर दी थी। इसका मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।