बेला-बिधूना मार्ग पर हरदू मोड़ के समीप एक युवक ने
परिजनों के साथ जमकर उत्पात मचाया। उसने रास्ते से गुजर रहे टेपों के ऊपर
डीजल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
पास खड़े दूसरे टेपों को
तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा टू व्हीलर भी तोड़ दिए। घटना से
आक्रोशित टेंपो चालकों ने जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक बिधूना-बेला मार्ग
जाम रहा। मौके पहुंची पुलिस और पूर्व विधायक ने किसी तरह समझा बुझाकर
मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम
जरयापुर निवासी सुखवीर सिंह पुत्र नवाब सिंह अपने टेंपो पर चार-पांच
सवारियों को बैठाकर बेला से बिधूना जा रहा था। ग्राम हरदू मोड़ के समीप
दीपू, पिंटू और शेर सिंह ने टेंपो चालक को अचानक पीटना शुरू कर दिया।
आसपास
के लोगों के आ जाने पर किसी तरह चालक बचकर निकल आया। मारपीट के बाद
उत्पातियों ने टेंपो से डीजल निकाल कर उसमें आग लगा दी। इसी बीच संतोष
कुमार निवासी पुर्वा भदौरिया अपना टेंपो लेकर पहंच गया। उपद्रवियों ने उसके
टेंपो में भी तोड़फोड़ की।
करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा किया।
घटना से आक्रोशित टेंपो चालकों ने बेला-बिधूना मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजा दिनेश सिंह और पूर्व विधायक शिवप्रसाद
यादव ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच
शुरू कर दी है।