पीड़ितों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : amar ujala beuro
थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में बदमाशों ने सोमवार रात चार घरों से करीब 10 लाख रुपये का सामान पार कर दिया है। चार घरों में चोरी की घटना होने से गांव में दहशत है। मंगलवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों ने जानकारी लेते हुए जल्द घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं एक दिन में चार घरों में चोरी होने से कस्बावासियों में रोष है।
रानीपुर दत्त गांव निवासी रविंद्र सिंह राना साधन सहकारी समिति एरवा टीकुर में सचिव हैं। सोमवार रात वह परिवार समेत छत पर सोने चले गए। रात में चोरों ने कमरे का ताला तोड़ दिया। बदमाशों ने कमरे की अलमारी में रखे नगदी और जेवरात पार कर दिए। दूसरी वारदात रानीपुर दत्त निवासी भुवनेष राठौर पुत्र मनीराम राठौर के घर में हुई। यहां पर बदमाशों ने घर का ताला तोड़ दिया। घर में रखे करीब तीन लाख रुपये की नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। तीसरी चोरी रानीपुर गांव के पड़ोसी गांव बरह नगला निवासी गोरेलाल शाक्य उर्फ भंत जी के घर हुई। घर के सभी लोग रिश्तेदारी में विवाह समारोह में गए थे। रात को मौका पाकर बदमाशों ने घर से करीब चार लाख रुपये का माल पार कर दिया।
इसके अलावा बरह नगला निवासी शैलेंद्र तिवारी के घर भी बदमाशों ने चोरी की। यहां से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दिए। जब बदमाश घटना को अंजाम दे रहे थे उसी समय शैलेंद्र तिवारी की आंख खुल गई। पीड़ित ने बताया कि जब उसने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। मंगलवार सुबह पीड़ितों ने थाना पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष रामलक्ष्मण यादव ने पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। वहीं एक दिन में चार घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया है।
चोरों तीन घरों के ताले तोड़े
कोतवाली क्षेत्र के गांव अमावता में सोमवार रात चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़ कर लाखों रुपये की नगदी ओर जेवरात पार कर दिए। मामले को लेकर पुलिस ने अनभिज्ञता जताई। गांव अमावता निवासी सुरेशचंद्र पुत्र मिजाजीलाल गुप्ता, अरविंद सक्सेना पुत्र सुरेशचंद्र सक्सेना, वीरेंद्र नारायण पुत्र लुकमान सिंह सोमवार को खाना खाने के बाद परिवार समेत छत पर सोने चले गए। रात में चोरों ने तीनों के घरों में धावा बोल कर घर में रखे नगदी और जेवरात पार कर दिए। सुबह गृहस्वामियों को घटना की जानकारी हुई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने कहा कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। सोमवार रात तीन घरों से हुई चोरी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।