टूंडला-कानपुर पैसेंजर में बहन के बेटे को चलती ट्रेन से उतारने के प्रयास में एक युवक के दोनों पैर कट गए। इलाज के लिए कानपुर ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। युवक अपनी बहन के घर से शादी समारोह से सम्मिलित होकर लौट रहा था। गुरुवार रात तकरीबन साढ़े 10 बजे टूंडला-कानपुर पैसेंजर से एक परिवार उतरा। परिवार के कई सदस्यों में सम्मिलित नौली फफूंद निवासी प्रेम सिंह राठौर (35)पुत्र जयनारायण राठौर की बहन भूरी को शक हुआ कि उसका बेटा ट्रेन में ही रह गया है। यह बात उसने प्रेम सिंह को बताई।
प्रेम सिंह के चढ़ने से पहले ट्रेन झटके से चल दी। इस पर प्रेम सिंह ट्रेन के नीचे चला गया। आसपास के लोगों ने उसे पकड़ा तक प्रेम के दोनों पैर कट चुके थे। लोगों के शोर मचाने पर ट्रेन भी आगे जाकर रुक गई। बताते हैं कि परिजनों को शक ही था कि बच्चा ट्रेन में रह गया है। जबकि बच्चा ट्रेन के चलने से पहले ही परिवार के साथ प्लेटफार्म पर उतर चुका था।
बाद में जीआरपी ने परिजनों की मदद से प्रेम सिंह को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उन्हें जिला चिकित्सालय फिर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। कानपुर से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार युवक प्रेम सिंह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। गुरुवार की रात इटावा जिले के ऊसराहार के पास ग्राम बमुरीपुर में अपनी बहन पुष्पा की ननद की शादी में सम्मिलित होकर परिवार के सदस्यों के साथ वापस लौट रहा था। इसी दौरान फफूंद रेलवे स्टेशन पर उसके साथ यह हादसा हो गया।