अरिंद नदी में कूदी भैंस को निकालने में बुधवार शाम किशोर डूब गया। किशोर को बचाने के लिए नदी में कूदा उसका साथी किसी प्रकार से बचकर निकल आया। समाचार लिखे जाने तक किशोर को तलाशने के लिए गोताखोर बुलाए जा रहे थे।
ग्राम मानधवन निवासी लगभग 12 वर्षीय शिवा पुत्र मानसिंह दोहरे अपने एक साथी जयकरन के साथ भैंस चराने के लिए शाम लगभग 4 बजे घर से निकला था। इसी दौरान भैंस छूटकर भाग निकली और अरिंद नदी में कूद गई। करियापुर के पास गूलर घाट के पास भैंस को निकालने के चक्कर में शिवा भी नदी में कूद गया। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह भैंस को नहीं पकड़ पाया और डूबने लगा। शिवा के पीछे ही उसका साथी 14 वर्षीय जयकरन भी नदी में कूद गया। बहाव तेज होने से जयकरन किसी प्रकार से बाहर निकला और उसने गांव में जाकर शिवा के डूबने की सूचना दी।
इस पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आसपास के गांवों में शिवा के नदी में डूबने की सूचना दे दी। इस बीच सूचना पर सहायल थानापुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर शाम लगभग साढ़े 7 बजे गांव के ओमकार ने बताया कि शिवा का कहीं कोई पता नहीं चल सका है। पास के ही एक गांव से गोताखोर बुलाए गए हैं। बताया कि शिवा असू के बाल विकास संस्थान में कक्षा छह का छात्र है। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटा है।