कैसरगंज के रेवलिया गांव में बारात के लिए रखा दहेज का सामान।
- फोटो : अमर उजाला
अतिरिक्त दहेज में कार व दो लाख रुपये की डिमांड पूरी न होने पर ससुरालीजनाें ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मायके जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने जाकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सहायल थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर छौंक निवासी नीलम उर्फ हनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी शुक्लागंज निवासी अवनीश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में कार व दो लाख रुपये की डिमांड करने लगे। पिता के अतिरिक्त दहेज की डिमांड पूरी करने में असमर्थता जताने पर ससुरालीजन मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। परिजनों ने ससुराल आकर सभी को समझाया था। इसके बाद भी उत्पीड़न नहीं रुका। रोज-रोज मारपीट का विरोध करने पर ससुरालीजनों ने घर से निकाल दिया।
नीलम की तहरीर पर सहायल थाना पुलिस ने पति अवनीश, ससुर शिव सिंह, देवर अंशुल व राहुल के खिलाफ दहेज एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सहायल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।