कोतवाली शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे आटो चालक
- फोटो : अमर उजाला
खानपुर चौराहे पर शनिवार दोपहर तीन बाइकों पर सवार नौ युवकों ने कई राउंड फायरिंग की। इससे वहां दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद युवक भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो फायरिंग करने वाले कह रहे थे कि उनकी जगह पर किसी ने अधिकार जमाया तो लाश बिछा देंगे। इधर कोतवाली पहुंचे आटो चालकों ने दबंगों पर वसूली का आरोप लगाया।
शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे आटो चालकों ने हड़ताल कर दी। आटो चालक बैठक के बाद कोतवाली पहुंचे। कोतवाल को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि उनसे तिलक नगर स्थित पुरानी नुमाइश मैदान, खानपुर चौराहे पर वसूली की जाती है। विरोध करने पर मारपीट होती है। इस समय वसूली करने वालों की संख्या बढ़ गयी है। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी मिलती है। कोतवाली पुलिस ने वसूली करने वालों की तुरंत जानकारी देने की बात कही। इस पर आटो चालक वापस लौटे।
आटो चालक कोतवाली अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे, इसी बीच खानपुर चौराहे पर तीन बाइकों पर सवार नौ युवकों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस पर वहां मौजूद मैजिक चालक और ट्रैफिक सिपाही भाग निकले। फायरिंग से भगदड़ मच गई। लोगों की माने तो मामला टैक्सी स्टैंड हथियाने का है। खानपुर चौराहे पर हुई फायरिंग के संबंध में कोतवाली पुलिस ने अनभिज्ञता जाहिर की है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि वह पता कराते हैं कि क्या मामला है।