शहर के मोहल्ला गुमटी में गुरुवार देर रात आपसी विवाद में हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर छापेमारी की, लेकिन वे नहीं मिले। मृतका की पत्नी ने एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गुमटी मोहल्ले में गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे कुछ युवक आपस में भिड गए। इस दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोहल्ले का निवासी सोनू उर्फ हासिम पुत्र इब्राहिम घायल हो गया। उसके गोली लगते ही अन्य युवक भाग निकले। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हासिल को लहुलूहान पाया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजन उसे सैफई लेकर गए, लेकिन वहां हासिम की मौत हो गई।
इस पर हासिम उर्फ सोनू की पत्नी अनीसा शेख ने मोहल्ले के निवासी विनीत पोरवाल पुत्र स्व.रामदास पोरवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। इसमें उसने आरोप लगाया कि विनीत उसके पति हासिम को घर से बुलाकर ले गया और गोली मार दी। फिलहाल आरोपी व उसके साथियों की तलाश में पुलिस ने रात में कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया।