मौके पर जमा ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : amar ujala beuro
मुरादगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव चंदनापुर में ट्यूबवेल पर सो रहे अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मौके पर कुल्हाड़ी और खून के निशान मिले हैं। शरीर पर चोट के भी कई निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कानपुर देहात के भोगनीपुर के मूल निवासी गोरेलाल (55) पुत्र छोटेलाल का परिवार दलेलनगर मुरादगंज में रहता है। परिजनों से मनमुटाव के कारण गोरेलाल करीब पांच साल से चंदनापुर निवासी शिवकुमार राठौर के खेत पर लगे ट्यूबवेल पर रहकर खेतों की रखवाली करने लगा। ट्यूबवेल पर ही बने कमरे में उसने गृहस्थी बना रखी थी। बुधवार सुबह आसपास के लोग ट्यूबवेल पर पहुंचे तो गोरेलाल का शव लहूलुहान मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले।
सिर किसी भारी चीज से कुचला मिला। कमरे में एक छोटी कुल्हाड़ी मिली और आसपास खून फैला था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी ने पीट-पीट कर गोरेलाल की हत्या कर दी। हालांकि हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। ट्यूबवेल मालिक शिवकुमार राठौर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव ट्यूबवेल पर फेकने की तहरीर दी है। कोतवाल डीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।