उरई। एट रेलवे स्टेशन की यार्ड से चोरी हुए ओएचई तार के मामले में आरपीएफ ने एक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26 किलो तार बरामद कर लिया है। अब आरपीएफ उसके साथियों की तलाश में जुटी है। आरपीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार चोर सरगना है।
बता दें कि 23 मई को झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के एट स्टेशन के यार्ड से चोरों ने करीब 43 मीटर तार चोरी कर लिया था। जिसका वजन लगभग 40 किलो था। यार्ड से तार चोरी होने पर आरपीएफ कमांडेंट रमेश चंद्रा ने एट स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ सिपाहियों से स्पष्टीकरण मांगा था।
साथ ही आरपीएफ उरई थाने के स्टाफ को सख्त हिदायत दी थी कि जब तक चोरी हुआ तार बरामद नहीं हो जाता है, तब तक किसी को छुट्टी नहीं मिलेगी। कमांडेंट की फटकार के बाद आरपीएफ चोरों की तलाश में सक्रियता से लगी थी।
मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ दरोगा रजनीश राय, ओमवीर सिंह, किशनलाल व आरडी यादव ने आटा थाना क्षेत्र के करमेर गांव से शातिर चोर अरविंद उर्फ बंटा पुत्र टीकाराम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26 किलो ओएचई तार बरामद किया है। इंस्पेक्टर राजीव उपाध्याय के मुताबिक, चोरी में तीन लोग शामिल थे। उनमें सरगना अरविंद है। अन्य चोरों की तलाश में आरपीएफ छापेमारी कर रही है। जल्द ही वे दोनों चोर भी आरपीएफ के शिकंजे में होंगे।
26 किलो तार बरामद, 23 मई को एट स्टेशन के यार्ड से चोरी हुआ था तार
अमर उजाला ब्यूरो