अमर उजाला ब्यूरो
बेला (औरैया)। थानाक्षेत्र के जीवा सिरसानी गांव में ग्रामीणों द्वारा प्रधान के खिलाफ अपात्रों को आवास दिए जाने की शिकायत से बौखलाए ग्राम प्रधान ने अन्य साथियों के मिलकर पिता-पुत्र को घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में मामले की तहरीर दी है। गंभीर रूप से घायल पुत्र को सैफई रेफर किया है।
गांव निवासी राजेश बाथम पुत्र द्वारिका प्रसाद ने थाने में तहरीर में बताया कि उसने प्रधान के खिलाफ अन्य ग्रामीणों के साथ अपात्रों को आवास दिए जाने की शिकायत की थी। जिस पर कुछ दिनों पूर्व खंड विकास अधिकारी नित्यानंद तिवारी जांच करने आए थे। उसी दौरान ग्राम प्रधान हेमराज के साथी शिव सिंह यादव, अमर सिंह यादव गाली-गलौज करने लगा। जब उसने गालियों का विरोध किया तो दबंगों ने धारदार हथियार से मारपीट कर दी। जिसमें राजेश बाथम का पुत्र सुमित बाथम गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी बीच ग्राम प्रधान जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल सुमित को ग्रामीणों की सहायता से सहार सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे सैफई रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।