सिरसाकलार। दो दिन पहले ही मायके से ससुराल आई नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। ससुरालियों की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ देर बाद पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी फुंदनलाल का कहना है कि अभी मायके पक्ष ने कोई तहरीर नहीं मिली है। पीएम रिपोर्ट देखने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के मलथुआ में गुरुवार की देर रात धर्मेंद्र की पत्नी कालिंद्री उर्फ शालू (20) ने घर के ऊपर वाले कमरे में लगे पंखे के हुक से साड़ी बांधकर फांसी लगा ली। परिजनों को पता चलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना पर पहुंचे शालू के चाचा श्याम सुंदर ने बताया कि भतीजी शालू की शादी जून 2018 में हुई थी। चुर्खी थाना क्षेत्र में मृतका का मायका है। वह दो दिन पहले ही मायके से ससुराल आई थी। घटनास्थल पर कालपी तहसीलदार शालिगराम व सीओ जालौन संजय शर्मा भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
घर व पड़ोस वाले मौत के कारणों के बारे में कुछ भी नहीं बता रहे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की जानकारी हो पाएगी। अभी तक मायके वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो