अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
शहर के जालौन चौराहा स्थित सहकारी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की ओर से अधिक रुपये वसूले जाने की शिकायत पर गुरुवार को नायब तहसीलदार व सप्लाई इंस्पेक्टर ने छापा मारा। इस दौरान उन्होंने एजेंसी संचालक के बयान नोट कर एडीएम को आख्या भेजी है।
गुरुवार को सहकारी गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर के साथ नमक दिए जाने के नाम पर अधिक रुपये वसूले जाने की शिकायत एक उपभोक्ता ने एसडीएम सदर से की। इस पर एसडीएम सदर अमित राठौर ने नायब तहसीलदार शमशेर सिंह व सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष कुमार को जांच के लिए एजेंसी भेजा। जांच में उन्होंने पाया कि एजेंसी संचालक की ओर से गैस के साथ नमक भी दिया जा रहा है जबकि गैस सिलेंडर 455 रुपये का है। फिर भी वहां पर 455 की बजाए 490 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। तहसीलदार ने एजेंसी संचालक प्रेमप्रकाश अग्निहोत्री से नमक बेचने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से उन्हें निर्देश दिए गए हैं।
नायब तहसीलदार ने एजेंसी संचालक के बयान दर्ज कर आख्या एसडीएम को भेज दी है। जिस पर एसडीएम अमित राठौर ने एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई एजेंसी संचालक बिना परमीशन के अन्य सामान बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए
-नमक दिए जाने के नाम पर अधिक रुपये वसूले जाने की शिकायत थी