अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल (औरैया)।
गुरुवार शाम नोएडा से कानपुर जाने के लिए किराये पर लेकर आए बदमाशों ने क्षेत्र के बरीपुरा गांव के पास चालक को मारपीट कर फेंक दिया और कार लेकर भाहो गए। कार चालक ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आसपास थानों को अलर्ट किया मगर सुराग नहीं लग सका। चालक ने ट्रैवल एजेंसी संचालक को भी घटना की सूचना दे दी है।
नोएडा के सेक्टर 58 निवासी अनिल यादव पुत्र विजय पाल यादव अपने मौसा अनुज यादव की ट्रैवल एजेंसी में बतौर कार चालक के रूप में काम करते हैं। गुरुवार शाम एक युवक उसके पास आया और कानपुर जाने के लिए कार किराये पर ली। इस पर अनिल यादव होंडा सिटी कार से उस युवक को लेकर कानपुर के लिए निकल पड़े। शाम को इटावा पहुंचने पर उसमें पहले से बैठे युवक ने इटावा से अपने दो मित्रों को कार में बैठा लिया। इसके बाद कार में सवार युवकों ने अनिल के साथ मारपीट की।
कार को अपने कब्जे में ले लिया। कार सवार युवकों ने अजीतमल कोतवाली के पास बरीपुरा के पास अनिल को मारपीट कर फेंक दिया और कार को लेकर भाग गए। चालक कोतवाली पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने आस पास थाने में अलर्ट किया। मगर पुलिस कार व बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी। चालक ने ट्रेवल एजेंसी संचालक को भी सूचना दे दी है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- नोएडा से कानपुर के लिए किराये पर ली थी कार