औरैया। दिबियापुर निवासी एक व्यक्ति ने सुल्तानपुर के एक व्यक्ति के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित ने थाने में दी तहरीर पर बताया कि फर्जी बिल्टी देकर नेट बैकिंग के जरिए 21 लाख 64 हजार रुपये का भुगतान करा लिया। जबकि उसके पास कोई माल ही नहीं पहुंचा।
दिबियापुर के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी आदर्श यादव पुत्र श्याम मनोहर ने दिबियापुर थाने में दी तहरीर में कहा कि वह बिल्डर है। दिबियापुर में उसका आफिस है। सुल्तानपुर के पास उसका काम चल रहा है। सुल्तानपुर निवासी राजेश कुमार उसे बिल्डिंग मैटेरियल की सप्लाई दे रहे थे। उन्होंने माल न डालकर फर्जी बिल्टी उसके पास भेज दी। जिसका उसके द्वारा पांच लाख व 16 लाख 64 हजार का भुगतान नेट बैकिंग द्वारा दो किश्तों में कर दिया गया। बाद में जब उसने कंपनी में बिल्टी भेजी तो पता चला कि उसके पास कोई माल ही नहीं पहुंचा। इस बाबत उसने राजेश कुमार से बात की तो उसने कोई संतोषजनक बात नहीं की। उल्टे अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष सुधीर सिंह का कहना है कि मामला गैर जिले का है। इसे वहीं स्थानांतरित किया जाएगा।
- नेट बैकिंग से 21 लाख की धोखाधड़ी, रिपोर्ट दर्ज
- दो किस्तों में बिल्डिंग मैटेरियल का किया था भुगतान