अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
कोतवाली क्षेत्र में पत्रकार बनाए जाने के नाम पर डेढ़ हजार रुपये तक रुपये वसूले जाने का आरोप शहर के तीन-चार व्यक्तियों ने लगाया है। पुलिस ने जालसाजी कर युवाओं से रुपये वसूलने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को रमेश कुमार, अमित शुक्ला समेत चार व्यक्ति ने अजीतमल क्षेत्र के एक फर्जी पत्रकार पर प्रेस आईडी बनाकर लोगों से एक से डेढ़ हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने उनसे एक समाचार पत्र में सदस्यता लेने के लिए एक से डेढ़ हजार रुपये लिए थे। जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति से रुपये मांगे तो उस व्यक्ति ने रुपये देने से इंकार कर दिया और फर्जी मुकदमे में फंसाए जाने की धमकी भी दी।
सोमवार को चार व्यक्तियों ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। जिस पर कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को हिरासत में लिया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ जारी है। अगर संबंधित व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।