औरैया। यमुना रोड पर स्थित एक्सईएन कार्यालय पहुंचे एक टेलीकॉम के सुपरवाइजर को अज्ञात युवक ने पीडी (पावर डिस कनेक्शन) के कागज लेने के दौरान कार्यालय के कमरे में बंद कर पीटा। पीड़ित ने घटना की जानकारी एक्सईएन को दी। एक्सईएन ने पीड़ित से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने की सलाह दी। पीड़ित ने बताया कि घटना को लेकर वह पुलिस को शिकायती पत्र देगा।
शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे एक टेलीकॉम कंपनी का सुपरवाइजर घनश्याम निवासी मैनपुरी, टॉवर पर लगी बिजली का कनेक्शन कटवाने के बाद उसकी पीडी के कागज लेने एक्सईएन कार्यालय गया था। उसका कहना है कि वह कार्यालय में जाकर बैठा ही था कि वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने कमरा बंद कर उनसे रुपये वापस मांगे और कई थप्पड़ जड़े और कुंडी खोलकर भाग गया। पीड़ित ने बताया कि मारपीट करने वाले युवक को वह जानता भी नहीं है। पीड़ित का कहना है कि बिजली विभाग कर्मी भी बैठे रहे और उन्होंने युवक को नहीं पकड़ा। वहीं मौजूद बिजली कर्मियों ने बताया कि अज्ञात युवक का पीड़ित से कोई पुराना विवाद होगा। बताया कि युवक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भाग निकला। घटना की जानकारी पीड़ित ने एक्सईएन राजीव अग्रवाल को जानकारी दी। एक्सईएन ने बताया कि यदि कोई कार्यालय कर्मी इस मामले में शामिल पाया जाए तो उसके खिलाफ मामला दर्ज करवा दें। उधर, सुपरवाइजर ने बताया कि वह घटना की पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा।