हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवादा निवासी युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को उसके फर्रुखाबाद निवासी दोस्त की तलाश है।
ग्राम नेवादा निवासी सचिन (25) पुत्र फूलचंद्र का शव सोमवार सुबह वासितनगर-शाहाबाद मार्ग पर बंधे के नीचे पड़ा मिला था। उसके शरीर पर 19 जख्म थे। मृतक के भाई संतराम ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस पहले ही दिन से पूरे मामले को आशनाई से जोड़कर देख रही थी। सचिन के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो कड़ी से कड़ी जुड़ती गई। पुलिस ने गुरुवार को हत्याकांड का खुलासा किया था। बताया कि फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र रविंद्र सिंह ने सचिन की हत्या अपने साथी गांव निवासी कुलदीप पुत्र पप्पू ठाकुर के साथ मिलकर की थी। देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी और सचिन का घर ग्राम नेवादा में पास-पास ही है। शादी से पहले उसकी पत्नी का सचिन से प्रेम प्रसंग था। शादी के बाद भी सचिन आए दिन उसकी पत्नी को ब्लैकमेल करता था। पुरानी रिकार्डिंग को वायरल करने की धमकी भी उसने दी थी। रविवार रात देवेंद्र दोस्त कुलदीप के साथ बंधे पर गया था और वहीं से फोन कर सचिन को बुलाया था। वहां सचिन को गिराकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। गुरुवार को शाहाबाद के बेझा चौराहा से देवेंद्र को पुलिस ने पकड़ लिया था। अब पुलिस देवेंद्र के साथी कुलदीप की तलाश कर रही है।
हत्या के बाद गंगा में फेंके खून से सने कपड़े
हत्यारोपी देवेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार सचिन को समझाया। ससुराल में जाने पर भी सचिन से कहा कि शादी से पहले जो रहा वह अलग बात है, लेकिन अब उसकी जिंदगी में दखलंदाजी न करे। देवेंद्र की माने तो उसकी पत्नी ने ही जानकारी दी कि सचिन लगातार परेशान कर रहा है और इसकी वजह पुराना प्रेम प्रसंग है। हद तो तब हुई जब आए दिन सचिन देवेंद्र के गांव बहादुरपुर जाने लगा। देवेंद्र ने कहा कि इज्जत बचाने के लिए उसे हत्या करनी पड़ी। पुलिस महकमे से जुड़े विश्वस्त सूत्रों की मानें तो सचिन की हत्या करने के बाद देवेंद्र वापस अपने गांव जा रहा था। फर्रुखाबाद में उसने रात में ही खून से सने कपड़े गंगा में बहा दिए।