कदौरा। क्षेत्र में मंदिर बनकर तैयार होने से पहले ही चोरों ने उसमें लगे पीतल के घंटे चोरी कर लिए। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुलिस से की है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में दुर्गा मंदिर का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है, लेकिन अभी पूजा अर्चना शुरू नहीं हुई है। बुधवार की रात चोरों ने मंदिर में टंगे पीतल के घंटे, सीमेंट की बोरी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
गुरुवार की सुबह जब मंदिर के घंटे व अन्य सामान नदारद होने की सूचना फैली तो मंदिर परिसर पर भीड़ एकत्र हो गई। बाद में सीमेंट की बोरी गांव के रामस्वरूप के घर से मिली। जिस पर उससे पूछा गया तो वह गालीगलौज कर मारपीट पर आमादा हो गया।
जिस पर यूपी 100 को सूचना दी गई, पुलिस को देख रामस्वरूप भाग गया। ग्रामीण रामप्रकाश ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। तहरीर देते गांव के बालेंद्र, उदयभान सिंह, संदीप सिंह, शंकर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
पुलिस बोली, जांच कर कार्रवाई की जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो