बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र स्थित सिविल कोर्ट परिसर के अंदर खड़ी अधिवक्ता की कार से किसी ने दो लाख रुपये पार कर दिए। अधिवक्ता ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी देकर मामला दर्ज कराया है। उधर फोरेंसिंक टीम ने सिविल कोर्ट परिसर पहुंचकर कार से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए।
सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट बिधूना के अधिवक्ता सुमोद कुमार यादव निवासी एरवाकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुलालपुर हाल निवास नरायणपुर चौकी के पीछे औरैया ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुये बताया कि बुधवार को बेला थाना क्षेत्र के ग्राम गैली निवासी शिक्षक रतन सिंह सेंगर से दो लाख रुपये उधार लिए थे। ये रुपये उन्होंने कोर्ट परिसर में खड़ी अपनी कार के अंदर रखकर लॉक लगा दिया था।
इसके उपरांत वह एक मुकदमे में बहस करने के लिए कोर्ट में चले गए। जब कोर्ट से वापस कार के पास पहुंचे तो लॉक खुला मिला। इस पर उन्होंने कुछ अनहोनी की आशंका देखते हुए तत्काल कार की डिग्गी में रखे रुपये चेक किए लेकिन रुपये वहां से गायब मिले।
आननफानन में उन्होंने बिधूना कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके उपरांत सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कार से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए। इस मामले में अधिवक्ता ने कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।