औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कखावतू निवासी एक पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को उधारी का रुपया वापस करने की बात कहकर बुलाने और फिर धोखा देकर उसके साथ मारपीट कर नगदी व बाइक लूटने की दंपति व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की है।
ग्राम कखावतू निवासी जहान सिंह पुत्र कल्यान ङ्क्षसह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी के गांव निवासी बद्री प्रसाद (45) पुत्र मंगीलाल व प्रभा देवी (43) पत्नी बद्री प्रसाद ने 2015 में आवास विकास में प्लाट खरीदने के लिए उससे तीन लाख रुपये उधार लिए थे। उन लोगों ने एक साल बाद वापस करने का वादा किया था। पीड़ित ने बताया कि तब से लेकर आज तक रुपये वापसी के नाम पर आजकल कहकर बहाना किया जा रहा था। एक जनवरी को उन लोगों से जब उसने रुपये मांगे तो बद्रीप्रसाद व प्रभा देवी ने उसे मोहल्ला भीखमपुर ब्रह्मनगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बुलाया, जहां दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसके ऊपर सरिया से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से वह बुरी तरह से घायल हो गया। इस दौरान हमलावरों ने पांच हजार रुपये व उसकी बाइक लूट ली। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह से बचकर वहां से निकल पाया। बताया कि धमकी भी दी गई है।
पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच शुुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-उधार लिए गए रुपये देने का बहाना कर बुलाया और पीटा
अमर उजाला ब्यूरो