अजीतमल (औरैया)। क्षेत्र के सुर्खीपुर-रमपुरा में इलेक्ट्रानिक कारोबारी के घर से चोरों ने रविवार रात लाखों के जेवर व नगदी पार कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। कहा कि शीघ्र चोरी का खुलासा किया जाएगा।
इटावा जिले के निवाड़ी में इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान किए दुर्गेश का अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में सुर्खीपुर रमपुरा में मकान है। रोज की तरह कारोबारी की मां केसरदेवी घर के बरामदे में सो रहीं थीं। दुर्गेश अपनी पत्नी पिंकी, पुत्र शिवा, पुत्री त्रिशा के साथ घर के बाहरी कमरे में सोए थे। रविवार सुबह जब वह उठकर अंदर गए तो कमरे में सामान बिखरा देखा। खुली पड़ी अलमारी और बक्सों में रखे जेवर व नगदी गायब थी।
दुर्गेश में इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि चोर घर की छत से होकर आंगन में आए और आंगन में रखी चाबी से कमरे का ताला खोलकर कमरे में घुस गए। जहां रखी चाबी से अलमारी खोल ली। जिसमें से रखे 36 हजार रुपये नगद व आठ लाख कीमत के जेवर पार कर ले गए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामसहाय सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।