फफूंद (औरैया)। कस्बे में सराफ के साथ टप्पेबाजी की घटना को अंजाम देने वाले तीन युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके पास से पुलिस ने 360 ग्राम चरस व जेवरात बरामद किए हैं। पकड़े गए युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
सराफ हरवीर के साथ बुधवार दोपहर को टप्पेबाजी की घटना हुई थी। एसओ श्रवण कुमार ने बताया कि बुधवार रात मुखबिर से पाता रोड पर मारुति कार से संदिग्ध घूम रहे लोगों की सूचना मिली। इस पर एसएसआई रामचंद्र गौतम, पाता चौकी इंचार्ज पंकज तोमर के साथ पतरा बंबे के पास कार को रोकने का इशारा किया।
पुलिस को देख कार सवार तीन युवक कार रोककर भाग निकले। इन्हें पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ा। पकड़े गए लोगों से पूछताछ में अपने नाम अवधेश सोनी उर्फ बेचेलाल निवासी सिकंदरा कानपुर देहात, राघव निवासी सिंकदरा और प्रशांत सोनी निवासी इंदिरा नगर, दिबियापुर बताए। अवधेश के पास से 360 ग्राम चरस बरामद हुई। वहीं राघव व प्रशांत के पास पीली धातु के दो जोड़ी कुंडल व एक हाफ कमर पेटी बरामद की। युवकों ने सराफ हरवीर के साथ हुई घटना में भी शामिल होना कबूल किया है। टप्पेबाजों को जेल भेज दिया गया है।