अजीतमल(औरैया)। थाना क्षेत्र के पैगूपुर गांव में एक युवक दिल्ली से धर्म बदल कर युवती को शादी के लिए गांव ले आया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। माहौल बिगड़ता देख चौकीदार ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने एक नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के दहियापुर निवासी चौकीदार महाराम ने पुलिस को बताया कि पैगूपुर गांव का इशराइल कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा था। गांव में जानकारी मिली की वह एक युवती को धर्म बदल कर शादी करने के बहाने ले आया है। इसकी जानकारी होने पर एक समुदाय के लोगों में तनाव का माहौल है। लव जिहाद का मामला सामने आने पर बुधवार सुबह से ही गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इधर गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए इशराइल बीती रात से युवती समेत गायब है। पुलिस ने चौकीदार की रिपोर्ट पर इशराइल व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गयाप्रसाद ने बताया कि इशराइल समेत कुछ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। युवक द्वारा धर्म बदल कर युवती को लाया गया है तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।