फफूंद (औरैया)। ग्राम पंचायत आमपुर में ट्रांसफार्मर ठीक कराने के नाम पर लाइनमैन ने प्रधान से फोन पर रुपयों की मांग की। इस बात का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रधान ने अवर अभियंता से लाइनमैन की शिकायत की है।
आमपुर के प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। जिसे ठीक कराने के लिए लाइनमैन से कहा गया था। उसने फोन पर ही डेढ़ हजार रुपये खर्च के लिए और ट्रांसफार्मर ठीक कराने के लिए पांच हजार रुपये मांगे। लाइनमैन ने जुगाड़ से ट्रांसफार्मर से लाइन चालू कर दी। लेकिन कुछ घंटे बाद ही इसमें फिर से खराबी आ गई।
इस पर जब दोबारा प्रधान ने फोन किया तो लाइनमैन ने फिर से रुपये की मांग की। इस बात का ऑडियो मंगलवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अवर अभियंता ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने बताया कि लाइनमैन पर कई बार आरोप लग चुके हैं। इस पर उसे हटाया गया था। कुछ दिन पहले वह गांव से पांच-पांच स्ट्रीट लाइटें और सात बॉक्स भी खोलकर ले गया था। इससे ग्रामीणों में रोष है।