अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला आजाद नगर में पुराने मुगलरोड पर सीओ दफ्तर के पास सोमवार की रात परचून की दुकान में सेंध लगाकर चोर नगदी समेत लाखों का माल उठा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
मोहल्ला आर्यनगर निवासी दिलीप कुमार अग्रवाल उर्फ गंठे लाला की मोहल्ला आजाद नगर में पुराने मुगलरोड पर परचून की दुकान है। सोमवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए।
मंगलवार की सुबह दुकान पहुंचकर शटर खोला तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था, गुल्लक खुली थी। रात में किसी समय चोरों ने दुकान के ऊपर बनी जीने की अटारी में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की।
दुकानदार दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि चोरों ने गुल्लक में रखे 80 हजार रुपये नगद समेत लाखों का सामान उठा ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, सप्ताह भर में चोरी की दो वारदात होने से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवालिया निशान लगाया है।