बिधूना (औरैया)। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव समायन नगरिया में गुजरात से आए होम क्वारंटीन किए गए लोगों के मंगलवार को हंगामा करने व पुलिस पर हमला करने के मामले में बुधवार को पुलिस ने दो नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
एरवाकटरा थानाध्यक्ष विष्णु गौतम ने बताया कि समायन नगरिया निवासी प्रदीप कुमार पुत्र ब्रह्मप्रकाश यादव व उसकी पत्नी प्रेमिका उर्फ सोनी यादव के साथ कुछ और लोग गुजरात के अहमदाबाद से आए थे। इन सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
मंगलवार की रात गश्त कर रही पुलिस टीम को जानकारी मिली कि गांव सूरजपुर नगरिया से समायन नगरिया की ओर कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां दो कार में सवार लोगों से पूछताछ की तो उन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की। इस बीच ग्रामीण ईंट-पत्थर फेंकने लगे, जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। हंगामे के दौरान कार चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला, जबकि दूसरी कार को पुलिस ने पकड़ा। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रदीप व सोनी सहित करीब 12 अज्ञात लोगों से विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।