औरैया। सदर कोतवाली में हत्या के प्रयास के मामले का वांछित चल रहा अपराधी पुलिस की जीप से कूदकर भाग निकला। इस पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। थाना पुलिस मामले की लीपापोती कर रही है। सूत्रानुसार भागे हुए वांछित की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं।
बता दें कि सदर कोतवाली क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के सामने लगभग तीन माह पूर्व दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना में एक आरोपी वांछित था। उस पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज थी। सूत्रानुसार शुक्रवार को दो नंबर मोबाइल टीम ने शाम लगभग चार बजे उक्त आरोपी को ब्रह्मनगर के पास गिरफ्तार किया और अन्य मामलों के दो आरोपियों के साथ जीप से लेकर कोतवाली पहुंची।
जिस वक्त सिपाही आरोपियों को उतार रहे थे, तभी जानलेवा हमले का उक्त आरोपी जीप से कूदकर भाग निकला। सिपाहियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन पकड़ नहीं सके। इस संदर्भ में कोतवाली प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि कुछ लोग खुले में नए साल की पार्टी मना रही थी, उन्हें पकडने पुलिस टीम गई थी, वहीं से कुछ लोग भागे हैं, कोई वांछित नहीं भागा है।