औरैया जिले में प्रेमी युगल के आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अछल्दा रेलवे स्टेशन से घसारा स्टेशन के बीच पड़ने वाले गांव घाटमपुर रेलवे क्रासिंग के निकट डाउन रेलवे ट्रेक पर रेल पटरी ऊपर गर्दन रखकर प्रेमी युगल ने एक साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
रेलवे स्टेशन मास्टर के फोन पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के ग्राम पैतुआ निवासी सर्वेश कुमार का 21 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार एवं किशोरी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
गुरुवार शाम प्रेमी-प्रेमिका अपने घर से गायब हुए थे। शुक्रवार सुबह दोनों के शव मिले। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों गुरुवार देर शाम से गायब थे। काफी खोजबीन की पर पता नहीं चला। दोनों के शव रेलवे ट्रेक पर मिले हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।