औरैया। बिलराया-पनवाड़ी मार्ग पर स्थित शेरगढ़ घाट के यमुना नदी पुल पर बनी रिंग वॉल फटी होने से गड्ढे में मिट्टी भराई नहीं हो पा रही है। जिसके चलते ठेकेदारों ने काम रोक दिया है। ऐसे में अब रिंग वॉल को दोबारा बनाए जाने के लिए एस्टीमेट बनाने की कवायद शुरू है।
शेरगढ़ घाट स्थित यमुना नदी पुल की दो दिन से दरकी दीवार और धसकी सड़क की 48 घंटे बाद भी मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। हालांकि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से सड़क धसने के स्थान पर मिट्टी डलवाकर उसे बंद कराए जाने का प्रयास किया गया था। मगर मिट्टी भरने से रिंग वॉल की दीवार के पीछे के फटे हिस्से के कारण मिट्टी बाहर निकल गई। इस पर ठेकेदारों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं।
ऐसे में बिलराया-पनवाड़ी मार्ग पर दिन-रात गुजरने वाले हजारों वाहनों को दुर्घटना से बचाने के लिए शुक्रवार की सुबह सड़क पर गड्ढे में किनारे मिट्टी डालकर बैरियर लगा दिया गया है। उधर पुल की रिंग वॉल को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से की गई लापरवाही और अनदेखी से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि अब पुल की रिंग वॉल को फिर से बनवाया जाएगा तभी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
वर्जन
सेतु निगम को एस्टीमेट के लिए लिखा है। एस्टीमेट मिलते ही स्वीकृति के लिए मुख्यालय के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही रिंग वॉल निर्माण का काम शुरू करा दिया जाएगा। फिलहाल बचाव के तौर पर मिट्टी को ऊंचा करवा दिया गया है। बैरियर लगवा दिए हैं। इसके साथ ही एक स्थान पर रेलिंग भी टूटी है। उसे भी जल्द ठीक करा दिया जाएगा। -एके जाटव, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी