अयाना (औरैया)। अजीतमल तहसील क्षेत्र के बबाइन गांव में सफाई कर्मी के न पहुंचने से गांव की नालियां चोक हैं। जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इसी पानी के बीच से होकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है। वहीं गांव में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। ग्राम प्रधान ने ब्लाक और जिला स्तरीय अधिकारियों से शिकायत किए जाने की बात कही है।
बबाइन गांव से जुहीखा-भीखेपुर जाने वाला मार्ग पूरी तरह से जर्जर है। गांव में सफाई कर्मी न आने से नालियां चोक है। ग्रामीणों ने बताया कि नियमित सफाई न होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जुहीखा-भीखेपुर मार्ग पर गंदगी है। इसी गंदे पानी के बीच से लोग निकलने को मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान बबाइन अर्चना देवी ने बताया कि सड़क लोक निर्माण की है, इसलिए उसका पंचायत निधि से निर्माण नहीं कराया जा सकता। गांव में सफाई के लिए दो सफाई कर्मी तैनात थे। एक का दूसरी ग्राम पंचायत में स्थानांतरण हो गया। जबकि दूसरा सफाई कर्मी आता नहीं है। इसकी शिकायत कई बार ब्लाक और जिले के अधिकारियों से की जा चुकी है।