औरैया। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की सरगर्मी इस समय तेज है। गुरुवार को दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए दो दावेदारों समेत 14 अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक 23 पदों पर 42 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
जिला न्यायालय परिसर में गुरुवार सुबह से ही नामांकन पत्र जमा करने और चुनाव की सरगर्मी देखने को मिली। अधिवक्ता अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए बैठक कर रणनीति तय करते नजर आए। इधर, दोपहर 12 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। एल्डर्स कमेटी के पांचों सदस्यों की मौजूदगी में गुरुवार को अध्यक्ष पद पर अशोक अवस्थी और सतीश चंद्र राजपूत ने नामांकन किया। अन्य पदों पर 12 अधिवक्ता नामांकन पत्र जमा करने पहुंचे।
अब तक अध्यक्ष पद के लिए पांच, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर एक, महामंत्री के चार, संयुक्त मंत्री के तीन, उपाध्यक्ष के छह, कनिष्ट उपाध्यक्ष के चार, कोषाध्यक्ष के पांच, वरिष्ठ सदस्य के छह, कनिष्ठ सदस्य के आठ नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। जिन पदों पर एक-एक नामांकन आया है। उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। एल्डर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि तीन दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जिसके बाद चार दिसंबर को नाम वापसी और छह दिसंबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित कर 18 दिसंबर को मतदान होगा।