संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव शहबदिया में गुरुवार शाम रविंद्र की हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम बाद शव गांव पहुंचने पर कुछ लोगों ने सड़क पर शव रखकर नारेबाजी की थी। मामले में दरोगा जाकिर हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दरोगा जाकिर हुसैन की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि घटना को देखते हुए वह गांव में मृतक रविंद्र के घर के बाहर तैनात था। इसी दौरान ग्राम शहबदिया प्रधान शीनू देवी, बिरिया गांव के प्रधान अंशुल व इकौरापुर ग्राम प्रधान पति पंकज यादव ने आकर शव सड़क पर रख दिया। नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। सड़क जाम कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत किया जा सका था।
बता दें कि मृतक रविंद्र ग्राम प्रधान शीनू देवी का चचेरा जेठ था। मामले में आरोपी राजेश को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया है। सदर कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है।