औरैया। दीपावली पर राजस्व बढ़ोतरी और यात्रियों को बेहतर सुविधा के लिए औरैया डिपो के अधिकारियों ने रणनीति तैयार कर बसों का संचालन शुरू करा दिया है। जिसके चलते लंबे रूट पर बसों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। वहीं छोटे रूट पर बसों के यात्रियों को दिक्कत न हो इसलिए चक्कर बढ़ाए गए हैं।
औरैया डिपो में कुल 67 बसों का संचालन हो रहा है। इन बसों के संचालन के लिए इस समय चालक 180 और परिचालक 181 है। दीपावली पर्व पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के बसों की संख्या व चक्कर बढ़ाए गए हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) आरएस चौधरी ने बताया कि दिल्ली रूट पर त्योहारों को देखते हुए बसों की संख्या 25 कर दी गई है।
इसके साथ ही आगरा-कानपुर रूट पर बसों की संख्या 12 कर दी गई है। बताया कि बड़े रूट पर बसों की संख्या बढ़ाए जाने व छोटे रूट पर बसों की दिक्कत न आए इसको भी ध्यान में रखा गया है। शेष 15 बसों को छोटे रूट पर लगाया गया है। यही नहीं इन छोटे रूट पर बसों के चक्करों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है।
कार्यालय सहायक आरएन दुबे ने बताया कि पिछले वर्ष से अधिक राजस्व बढ़ोतरी के लिए नए चार्ट के अनुसार बसों का संचालन शुरू करा दिया गया है। इस समय बसों से अधिक आय हो रही है। उम्मीद है कि इस बार बसें पिछले साल से अधिक राजस्व डिपो को देंगी।
रूट संचालित बसों की संख्या
औरैया-दिल्ली 25
औरैया-आगरा 10
औरैया-बिधूना-आगरा 06
कानपुर - आगरा 12
औरैया - लखनऊ 04
औरैया -गुढगांव 02
औरैया - ग्वालियर 02
औरैया -मुरादाबाद 02
औरैया - शहजहांपुर 02