अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के मटर प्लांट के सामने हाईवे पर एक युवक का शव पड़ा मिला। सिर व शरीर में गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस को कपड़ों से दो अलग अलग पते के पहचान पत्र मिले। जिसके आधार पर शिनाख्त की जा रही है। पुलिस मामले को सड़क हादसा मान रही है।
शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे के करीब मटर प्लांट के सामने हाईवे के डिवाइडर के पास करीब 31 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोटें थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्र.ास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला। जिस पर किशन अवस्थी पुत्र ओमजी अवस्थी निवासी रामगंज भटौली, रूरा कानपुर देहात लिखा है।
इसके अलावा दूसरे जेब में एक फोन और एक अन्य पहचान पत्र मिला, जिस पर उसका नाम वहीं जबकि पता गाजियाबाद लिखा मिला है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से बात होने के बाद ही सही शिनाख्त हो पाएगी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नवीन कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत होने की आशंका है।