औरैया। जिले में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन हुआ। ब्लॉक प्रमुख के सात पदों के लिए 20 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। औरैया ब्लॉक में एकमात्र नामांकन होने से भाजपा समर्थित प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। सहसा ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ अकबरपुर से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले के भतीजे ने नामांकन दाखिल कर दिया है। सात ब्लॉकों में फिलहाल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। जांच में सभी पर्चे वैध पाए गए हैं। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ होगी।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित औरैया ब्लॉक से भाजपा समर्थित प्रत्याशी नरेंद्र कुमार लाव-लश्कर के साथ नामांकन कराने पहुंचे। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आवेश कुमार के समक्ष नामांकनपत्र जमा किया। यहां केवल एक ही नामांकन हुआ है। इससे नरेंद्र का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
अजीतमल ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अवनीश उर्फ रजनीश पांडेय और सपा समर्थित देवेंद्र यादव ने नामांकन कराया। अवनीश की पत्नी संध्या और देवेंद्र की पत्नी रिंकेश यादव ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है।
बिधूना ब्लॉक में दो नामांकन हुए। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनीता सिंह और सपा समर्थित प्रत्याशी रचना सिंह ने नामांकनपत्र जमा किए।
भाग्यनगर ब्लॉक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा दोहरे की पुत्रवधू रेशमा दोहरे ने सपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में नामांकनपत्र दाखिल किया। उनके बद दोपहर ढाई बजे पूजा बाल्मीकि और कमला ने नामांकनपत्र जाम किए।
अछल्दा ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी शरद राना, सपा समर्थित प्रत्याशी प्रशांत यादव और निर्दलीय संजना ने नामांकन कराया। एरवाकटरा ब्लॉक में सपा समर्थित प्रत्याशी मीरा देवी, निर्दलीय प्रियंका यादव और सोनी ने पर्चा जमा किया।
सहार ब्लाक में सपा समर्थित रामा देवी और भाजपा समर्थित नीतू अग्निहोत्री और निर्दलीय आकाश सिंह ने नामांकनपत्र जमा किया। आकाश अकबरपुर से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले के भतीजे हैं। सपा ने औरैया और भाजपा ने भाग्यनगर व एरवाकटरा में प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।
भीड़ की अधिकारियों से हुई नोकझोंक
अजीतमल में नामांकन कराने जा रहे भाजपा प्रत्याशी अवनीश उर्फ रजनीश पांडेय के साथ काफी भीड़ थी। एसडीएम विजेता और सीओ प्रदीप ने भीड़ को रोका। इस पर प्रत्याशी के समर्थकों और अधिकारियों में नोकझोंक हो गई। वरिष्ठ नेताओं बीच में पड़कर मामला शांत कराया।
कहां कितने प्रत्याशी
औरैया ब्लॉक में एक, बिधूना में दो, अछल्दा, भाग्यनगर, एरवाकटरा में तीन-तीन और सहार व अजीतमल में चार-चार प्रत्याशी मैदान में हैं।