फफूंद (औरैया)। गांव तुर्कीपुर की मड़ैया में मंगलवार की रात शिक्षक के घर में छत के रास्ते घुसे चोर 80 हजार रुपये नगद व जेवर समेत तकरीबन 10 लाख का सामान चोरी कर ले गए। आहट सुनकर जागे शिक्षक व परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया, लेकिन वह भाग निकले। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
फफूंद थाना के गांव तुर्कीपुर की मड़ैया निवासी शिक्षक उमेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार की रात वह बरामदे में सो रहे थे। पत्नी विनीता दो बच्चों के साथ अंदर कमरे में सो रही थीं।
रात लगभग 12:30 बजे चोर छत पर चढ़कर जाल के रास्ते घर में दाखिल हुए। कमरों में रखे बक्सों की कुंडी काटकर 80 हजार रुपये नगद व लगभग नौ लाख रुपये कीमत के जेवर निकालकर घर के पीछे खेत की ओर लगा गेट खोलकर भागने लगे। आहट से नींद खुलने पर शोर मचाया तो ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया, लेकिन वह भाग निकले।
सप्ताह भर में दूसरी बड़ी चोरी
एक हफ्ते के अंदर दूसरी बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त नहीं करती है, इसी लिए वारदातें हो रही हैं। चोर इससे पहले बीते गुरुवार की रात भी गांव के सुरेंद्र सिंह के घर में भी इसी तरह घुसकर लगभग तीन लाख की चोरी कर चुके हैं, जिसका पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
---