अछल्दा। बंद क्रासिंग से निकलकर ट्रैक पार करने के प्रयास में बाइक सवार युवक ट्रेन से टकरा गया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी पर स्टेशन मास्टर ने एंबुलेंस से युवक को सीएचसी अछल्दा भिजवाया। जहां गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया।
अछल्दा क्षेत्र के दिलीपपुर गांव निवासी छोटे अली (28) पुत्र मुख्तार अली शनिवार शाम बाइक से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा तो वह बंद मिली। इस पर उसने किसी तरह से बाइक को झुकाते हुए क्रासिंग के बूम के नीचे से निकाल लिया। अभी वह लाइन पार कर ही रहा था कि तभी 6 बजकर 14 मिनट पर दिल्ली की तरफ जा रही महानंदा एक्सप्रेस आ गई।
बाइक सवार छोटे अली घबरा गया और अनियंत्रित बाइक ट्रेन से जा टकराई। गनीमत यह रही कि टक्कर के बाद बाइक सवार छिटक कर दूर जा गिरा। जिससे वह बेहोश हो गया। जबकि ट्रेन से टकराने के बाद बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक के ट्रेन से टकराने के बाद चालक ने ट्रेन को रोका। जहां जांच करने के बाद एक मिनट बाद गंतव्य को रवाना हो गया।
हादसे की जानकारी होते ही स्टेशन मास्टर श्रवण कुमार ने तत्काल एंबुलेंस को फोन से जानकारी देकर बुलाया। जिससे घायल को सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया । जहां डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देख उसे सैफई रेफर कर दिया। स्टेशन मास्टर ने बताया कि महानंदा एक्सप्रेस के पीछे आ रही मालगाड़ी को रोक दिया गया था, जिससे लगभग 10 मिनट बाद मालगाड़ी रवाना हो सकी। महानंद एक्सप्रेस करीब एक मिनट ही रुकी थी।