औरैया। सरकार के रविवार की बंदी समाप्त करने के निर्णय से व्यापारियों में खुशी है। रक्षाबंधन पर बाजार खोले जाने को लेकर कारोबारी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि कोरोना काल के बाद राखी पर बाजार खुलने से रौनक लौटेगी। उनका मुनाफा भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कोविड संक्रमण के केस कम होने पर रविवार की प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बंदी समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने भी बाजार खोलने को हरी झंडी दिखा दी है। रक्षाबंधन रविवार को होने के कारण व्यापारी बाजार खोले जाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी होने पर उनमें खुशी है।
कोरोना काल से साप्ताहिक बंदी के कारण व्यापार काफी प्रभावित था। सरकार ने शनिवार के बाद रविवार को बाजार खोलने का आदेश दिया है। छुट्टी का दिन होने पर बाजार में रविवार को भीड़ रहती है। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और कारोबार तेजी पकड़ेगा। - राजकुमार सक्सेना, व्यापारी
बाजार पूरी तरह से ठप पड़ा था। सरकार ने व्यापारियों के हित को ध्यान में रख रविवार की बंदी हटा दी है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा। व्यापारी अब आसानी से दुकानें खोलकर व्यापार बढ़ाएंगे। - सुधीर पुरवार, व्यापारी
त्योहार से पहले सरकार का यह फैसला सराहनीय है। साप्ताहिक बंदी समाप्त होने से व्यापार में काफी बढ़ोतरी होगी। तमाम ऐसे काम होते थे, जो लोग छुट्टी के दिन कराना चाहते थे, लेकिन बंदी होने की वजह से नहीं हो पाते थे। - आदित्य तिवारी
शहर में रविवार को लंबे समय से रौनक नहीं थी। सरकार के इस फैसले से जहां चहल-पहल बढ़ेगी, वहीं लोगों को छुट्टी के दिन भी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी और लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। - अमित गुप्ता