औरैया। लोकसभा चुनाव को लेकर रोडवेज बसों के चुनाव ड्यूटी में जाने के चलते जिले भर में यातायात मानकों को धता बताकर ऑटो व टेंपो जहां निर्धारित से अधिक सवारियां भरकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। तो वहीं रोक के बावजूद भी चालक लोडर से सवारियां ढोकर उनकी जान से खिलवाड़ करने में लगे हुए हैं।
अहम बात यह है कि जानकारी के बाद भी न तो एआरटीओ इस पर रोक लगा पा रहे हैं और न ही ट्रैफिक पुलिस ही इस पर कोई कारगर कदम उठा पा रही है। यही नहीं मनमानी को आलम यह है कि निर्धारित से अधिक किराया भी वसूल कर सवारियों का शोषण कर रहे हैं। औरैया जिले से भी 22 बसों को चुनाव ड्यूटी पर भेजा गया है।
इससे रूटों पर बसों की संख्या कम हुई है। वहीं खासकर लोकल स्तर पर भी सवारियों को बसों की उपलब्धता न होने से परेशानी हो रही है। इसका सीधा फायदा ऑटो, टेपों व लोडर फायदा उठा रहे हैं। मंगलवार को ऑटो, टेंपो व लोडर की कराई गई पड़ताल में खुलेआम नियमों की अनदेखी होती नजर आई। इसमें निर्धारित से अधिक सवारियां भरकर ऑटो, टेंपो व लोडर सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आए। वहीं सवारियों ने मनमाना किराया वसूल किए जाने का भी आरोप लगाया।
फोटो21एयूआरपी 01- जालौन रोड पर हाइटगेज में फंसे पीएसी के ट्रक के दौरान ओवरलोड सवारियां भरे खड़ा ऑटो। संवाद
सीन - 01
स्थान - जालौन रोड
सुबह लगभग 11 बजे जालौन रोड पर मंगला काली मंदिर के सामने लगे हाइटगेज की ऊंचाई कम होने के कारण उधर से गुजर रहा पीएसी जवानों का ट्रक फंस गया। इस पर लोगों ने किसी तरह से हाइटगेज को ऊचका कर उसे निकाला। इसके चलते वहां वाहनों की लाइन लग गई। इसमें एक ऑटो चालक निर्धारित से अधिक सवारियां लेकर फर्राटा भरते हुए पहुंचा। मजे की बात तो यह है कि शहर में जालौन चौराहे पर यातायात पुलिस के सिपाही तैनात रहते हैं। इसके बावजूद भी नियमों की अनदेखी हो रही है।
फोटो21एयूआरपी 02- कस्बे में खुलेआम लोडर पर सवारियां बिठाता चालक। संवाद
फोटो21एयूआरपी 03- सचिन कुमार
फोटो21एयूआरपी 04- सुधीर कुमार
सीन - 02-
स्थान - भगत सिंह चौराहा
बिधूना कस्बे में एआरटीओ व यातायात पुलिस की अनदेखी के चलते खुलेआम चालक लोडर पर सवारियां बिठाकर फर्राटा भर रहे हैं। इस बीच मौके पर मौजूद छात्र सचिन कुमार ने बताया कि आईटीआई में प्रवेश ले रखा है। इसके चलते सहार से उसे प्रतिदिन बिधूना आना पड़ता है। बताया कि बस से आने पर 10 रुपये में काम चल जाता है, लेकिन ऑटो, टेंपो चालक 25-30 रुपये वसूलते हैं। बस न होने पर मजबूरी में देना पड़ता है। एक अन्य सवारी सुधीर कुमार ने बताया कि अछल्दा-बिधूना मार्ग पर बसों का किराया 20 रुपये है, लेकिन ऑटो चालक दिन में 30 रुपये तो शाम होने पर 50 रुपये तक वसूलते हैं।
फोटो21एयूआरपी 05- स्टेशन रोड पर ऑटो पर निर्धारित से अधिक सवारियां लेकर जाता चालक। संवाद
सीन - 03-
स्थान - स्टेशन रोड
अछल्दा कस्बे में स्टेशन रोड पर भी यही हाल दिखाई दिया। जहां निर्धारित से अधिक सवारियां भरकर ऑटो चालक फर्राटा भरकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। बसों के इन दिनों सड़कों पर कम होने से इनकी बल्ले-बल्ले बनी हुई है। इससे कभी भी अनहोनी होने की आशंका बनी रहती है।
वर्जन
लगातार ओवरलोड सवारियां भरकर फर्राटा भरने वाले ऑटो, टेंपो और रोक के बाद भी सवारियां लेकर चलने वाले लोडरों के चालान व सीज करने की कार्रवाई की जाती है। इस दिशा में और ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी जो भी वाहन नियमों की अनदेखी कर फर्राटा भरते दिखेंगे उनको सीज करने के साथ ही चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
- अशोक कुमार, एआरटीओ।
वर्जन
इस समय ट्रैफिक पुलिस के अधिकांश सिपाही वीवीआईपी ड्यूटी में बाहर गए हुए हैं। जिले में महज चार सिपाही ही हैं। इससे यह समस्या हो रही है। सिपाहियों के लौटने पर इस दिशा में सक्रियता से अभियान चलाकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- देवेंद्र कुमार, टीएसआई।