बिधूना। मेडिकल कॉलेज से लेकर जिला अस्पतालों व सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाओं की जहां एक ओर बेहतरी हो रही हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं बेपटरी हैं। इसके पीछे की वजह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर जड़े ताले हैं।
बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत कुल 10 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आते हैं। इनमें से महू, पुर्वा मुले व सिरयावा के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर पिछले पांच माह से ताला जड़ा हुआ है। यहां सेंटर के संचालन को लेकर तैनात होने वाले सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ आफीसर) के पद रिक्त हैं। ऐसे में सेंटरों का संचालन बंद पड़ा है।
विभागीय अधिकारी जल्द इन सेंटरों के ताले खुलने व संचालन का दावा करते हुए लगातार पत्राचार करने का हवाला दे रहे हैं, लेकिन आलम यह है कि धीरे-धीरे पांच माह बीत चुके हैं। इन तीनों हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर जाने वाले मरीज बिधूना सीएचसी पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि बिधूना सीएचसी की ओपीडी इन दिनों 300 मरीजों के पार पहुंच रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए मरीजों को बिधूना का रुख करना पड़ रहा है। मामले को लेकर बिधूना सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने बताया कि महू, पुर्वा मुले व सिरयावा के सेंटरों पर सीएचओ के पद रिक्त हैं। जिन्हें भरने के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही इन सेंटरों को शुरू कराया जाएगा।